नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दुष्प्रचार निंदनीय, अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बर्दाश्त नहीं
- by Manjesh Kumar
- 18-Oct-2026
- Views
पटना: इप्टा की राष्ट्रीय समिति लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को लेकर एक न्यूज़ चैनल द्वारा प्रसारित कथित झूठी, भ्रामक और अपमानजनक खबर की कड़े शब्दों में निंदा करती हैं। नेहा सिंह राठौर अपनी लोकगायकी के माध्यम से आम जनता की समस्याओं, सामाजिक विसंगतियों और सत्ता से जुड़े सवालों को बेबाकी से उठाती रही हैं। लोकतंत्र में सत्ता से सवाल करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है लेकिन जब मीडिया का कोई संस्थान तथ्यों की पड़ताल और निष्पक्ष पत्रकारिता के अपने दायित्व को छोड़कर किसी नागरिक की छवि धूमिल करने का माध्यम बनता है, तो यह केवल उस व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र अभिव्यक्ति पर भी हमला है।
यहां यह बताना जरूरी है कि गोदी मीडिया लंबे समय से सरकारी भोंपू और दुष्प्रचार का मददगार रहा है और सत्ता के प्रति पक्षपाती रवैया और सवाल उठाने वाली आवाज़ों को निशाना बनाने का हथियार रहा है। मीडिया की यह प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकारिता का काम सत्ता के प्रचार तंत्र के रूप में काम करना नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेह रहना और सच को सामने लाना है। झूठे और भ्रामक प्रचार से किसी की आवाज़ दबाने की कोशिश अंततः मीडिया की विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुँचाती है। हम नेहा सिंह राठौर के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं और स्पष्ट करना चाहते हैं कि किसी महिला को अपमानित करके, उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा पर सवाल उठाकर या उसके विरुद्ध दुष्प्रचार करके उसकी आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। एक साहसी महिला के आत्मसम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
सरकार से कोई भी कार्रवाई की अपेक्षा न रखते हुए हम नियामक संस्थाओं और सुप्रीम कोर्ट से मांग करते हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि खबर में झूठे, भ्रामक अथवा मानहानिकारक तथ्य प्रसारित किए गए हैं, तो संबंधित चैनल के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए। यद्यपि न्यूज चैनेल ने अपनी खबर पर लीपापोती जैसा खंडन किया है लेकिन हम उसे पूरी तरह खारिज करते हैं। हम जनता से भी अपील करते हैं कि वह मीडिया की खबरों को विवेकपूर्ण ढंग से परखे, सच के पक्ष में खड़ी आवाज़ों का साथ दे और गैर-जिम्मेदार पत्रकारिता के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराए। हमारा संकल्प है—सच के साथ खड़े रहना, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करना और किसी भी नागरिक के सम्मान पर होने वाले हमले का विरोध करना।


Post a comment