काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र ने किया हरिशंकरी पौधरोपण, चला स्वच्छता अभियान
- by Manjesh Kumar
- 18-Oct-2026
- Views
405वें रविवार को गंगा किनारे स्वच्छता व जागरूकता कार्यक्रम, महिला श्रद्धालुओं के लिए दोबारा बनाया गया चेंजिंग रूम
कटिहार: शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि के पावन अवसर पर गंगा समग्र, कटिहार (उत्तर बिहार) के स्वयंसेवकों ने काढ़ागोला गंगा घाट पर हरिशंकरी पौधरोपण किया। इसके तहत बरगद, पीपल और पाखर के पौधे लगाए गए। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट किनारे चेंजिंग रूम का पुनर्निर्माण कराया गया। गंगा समग्र के स्वयंसेवक काढ़ागोला घाट पर प्रत्येक रविवार नियमित रूप से स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को लगातार 405वां अभियान आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य गंगा की स्वच्छता बनाए रखने, नदी तटों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में वृंदावन से आए भागवत कथावाचक वैष्णव कुलभूषण श्रद्धेय संजयकृष्ण महाराज एवं उनके सहयोगियों ने भाग लिया। डुम्मर-समेली में कथा प्रवास पर आए महाराज ने गंगा समग्र के स्वयंसेवकों के निस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि काढ़ागोला घाट पर लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाना और नदियों के किनारे पौधरोपण करना पूरे बिहार के लिए प्रेरणादायक है।
महाराज ने नदियों की महत्ता बताते हुए कहा कि जिस प्रकार शरीर में धमनियां और शिराएं जीवन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, उसी प्रकार नदियां धरती के जीवन का आधार हैं। नदियां स्वच्छ रहेंगी, तभी समाज और पर्यावरण स्वस्थ रह सकेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा को स्वच्छ रखने के अभियान से जुड़ने और इसमें सहयोग करने की अपील की। साथ ही अभियान में लगातार जुटे स्वयंसेवकों को साधुवाद दिया।
इस अवसर पर जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’, जिला सह-संयोजक मनोज साह, घाट प्रमुख राजकुमार साह, आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, मनोज पंडित ‘राधे-राधे’, सुशील राय, सुमन पासवान, मुनिलाल साह, प्रमोद पासवान सहित गंगा समग्र के अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


Post a comment