एके 47 से गोली चलाने वाला नहीं, आदेश देने वाले के विरुद्ध हो कार्रवाई, तेजस्वी ने डीजीपी से की मुलाकात
- by Manjesh Kumar
- 07-Aug-2026
- Views
पटना:बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष समेत पूरा विपक्ष राज्य में लॉ एंड ऑर्डर पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बीते दिनों छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सीवान में फायरिंग के सवाल पर भी विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष से सवाल कर रहा है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने डीजीपी से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।
आखिर किसके आदेश पर चली गोली
डीजीपी से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि एक तरफ राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब है तो दूसरी तरफ राज्य में पुलिस छात्रों पर AK 47 से गोली चलाती है। इसमें सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर किसके आदेश पर गोली चली। पूरा विपक्ष सरकार से सवाल कर रहा है लेकिन कोई भी जवाब देने के लिए तैयार नहीं है। इस मामले में एक जवान को बलि का बकरा बना कर सस्पेंड कर दिया गया लेकिन हमने निष्पक्ष जांच कर आदेश देने वाले अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीएम और गृह मंत्री को देना चाहिए जवाब
तेजस्वी ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सीवान और जहानाबाद में फायरिंग की गई। मैं जख्मी छात्रों से मुलाकात भी किया था, गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। भारत में बड़ा से बड़ा आंदोलन हुआ लेकिन आज तक एके 47 से गोली नहीं चली लेकिन बिहार में यह हुआ। एक उदाहरण सेट होना चाहिए कि इस तरह की हरकत करने वाले अधिकारी बच नहीं सकेंगें। इस मामले में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को सामने आ कर जवाब देना चाहिए कि गोलीबारी की यह घटना किसके आदेश पर हुई। उन्हें जिम्मेवारी के साथ बताना चाहिए कि इस मामले में दोषी कोई अधिकारी है या फिर खुद गृह मंत्री या प्रधानमंत्री। इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, यह भी सरकार बताए।
पेपर लीक में शामिल बड़े लोगों पर हो कार्रवाई
तेजस्वी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ वहां की पुलिस ने जो किया, और सभी विपक्ष के सांसद जो संसद में लगातार आवाज उठा रहे हैं लेकिन कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है। मैने विपक्ष के सभी नेता और सांसदों को कहा है कि संसद का सत्र खत्म होने के बाद बिहार आइए और पीड़ितों से मिलिए और यहां सम्राट चौधरी, जिनके कहने पर गोली चली, उनसे जवाब मांगा जाए। गोली या तो बिहार के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री या केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश पर ही गोली चली होगी, उन्हें जवाब देना होगा। यह छात्रों के भविष्य का मामला है। नीट पेपर लीक में शामिल बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक यह नहीं रुकने वाला है। हमारी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज भी पीड़ितों से मुलाकात कर रहा है, यहां हम भी जवाब मांग रहे हैं।
बिहार को नहीं बनने देंगे पुलिस स्टेट
तेजस्वी ने कहा कि बिहार की छवि पुलिस राज्य की तरह बनाई जा रही है। मैंने पहले भी कहा है कि यह जय प्रकाश नारायण की धरती है, इसे हम पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगे। गायघाट में एक थानेदार ने शराब पी कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी, छात्रों पर गोली चलाई गई, भरत तिवारी की हत्या मामले की लीपापोती की गई। राज्य में आपराधिक घटनाएं इतनी बढ़ गई है। बंटी यादव की हत्या की गई। कल हमलोग रोहतास जा रहे हैं जहां एक गरीब मजदूर की दिहाड़ी मांगने पर हत्या कर दी गई। सम्राट चौधरी जिसके ऊपर खुद हत्या के 7-7 मुकदमे हो वह जब मुख्यमंत्री बन जाता है तो फिर क्या उम्मीद की जा सकती है।


Post a comment