80वें स्वतंत्रता दिवस पर सशस्त्र सीमा बल कैंप में भव्य समारोह, मिनी मैराथन विजेताओं को मेडल व प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

किशनगंज: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के भातगांव कैंप में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मित्र राष्ट्र नेपाल से एपीएफ एवं नेपाल पुलिस के पदाधिकारी व जवान, नेपाल-भारत मैत्री संघ के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं एवं सीमा क्षेत्र की जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:15 बजे सीमा चौकी भातगांव के प्रभारी संजय कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान एवं ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।

राष्ट्रीय ध्वज की शान और देशभक्ति के गीतों के बीच पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूर्व में आयोजित 5 किलोमीटर मिनी मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक एवं बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मान मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों की झलक भी देखने को मिली। मित्र राष्ट्र नेपाल से पहुंचे एपीएफ एवं नेपाल पुलिस के पदाधिकारी और जवानों की मौजूदगी ने दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया।

समारोह के समापन पर सशस्त्र सीमा बल की ओर से इस पावन अवसर पर अपना बहुमूल्य समय निकालकर कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, नेपाल के सुरक्षा पदाधिकारियों एवं जवानों तथा सीमा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया गया। भारत-नेपाल सीमा से सटे भातगांव क्षेत्र में आयोजित यह समारोह स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्साह के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, युवा सहभागिता, सीमा सुरक्षा और भारत-नेपाल मैत्री का भी संदेश देता नजर आया।

  

Related Articles

Post a comment