बेटे ने बेच दी जमीन तो मां ने बहू और बच्चों संग खाया जहर, 3 की गई जान
- by Manjesh Kumar
- 13-Nov-2026
- Views
वैशाली: बिहार में लोग जमीन को अपनी भावनाओं से जोड़ कर देखते हैं। अक्सर जमीन के लिए खूनी खेल भी सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज और दर्दनाक खबर सामने आई है वैशाली से, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों के कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक मासूम बच्ची की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पूरा मामला गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव का है। मृतकों की पहचान निर्मला देवी, उनकी बहू सीमा देवी और पोते मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। वहीं पोती ऋषिका जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार में जमीन बेचने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्मला देवी का बेटा राहुल अपनी जमीन बेचना चाहता था, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य इसके पक्ष में नहीं थे। घर के लोगों ने उसे कई बार जमीन बेचने से मना किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। बताया जाता है कि गुरुवार को राहुल ने जमीन बेच दी और इसके बाद कहीं चला गया। इसी बात से परिवार के लोग बेहद आहत थे। आरोप है कि इसके बाद परिवार की तीन महिलाओं और बच्चों समेत चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
शुक्रवार को जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी। वहीं गंभीर हालत में बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुनील कुमार के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला जहर खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


Post a comment