सनातन आस्था के आगे नहीं चली रोक-टोक की राजनीति, विधायक विजय खेमका ने खुद संभाली छठ घाट की कमान
- by Manjesh Kumar
- 12-Nov-2026
- Views
पूर्णिया: गुलाबबाग के गुंडा चौक स्थित पोखर में छठ घाट निर्माण एवं साफ-सफाई का कार्य प्रशासन द्वारा रोके जाने की सूचना पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सदस्यों ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को अवगत कराया। पूर्व में इस पोखर को लेकर कुछ विवाद होने की सूचना प्रशासन को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर प्रशासन द्वारा छठ घाट निर्माण एवं साफ-सफाई के कार्य पर रोक लगा दी गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने प्रशासन से बात की और छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की परेशानी से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका को भी मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह विधायक विजय खेमका स्वयं घाट पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ घाट की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद विधायक विजय खेमका संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ घाट निर्माण और साफ-सफाई के कार्य में जुट गए। विधायक ने स्वयं कुदाल उठाकर श्रमदान किया। उनके साथ संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी घाट की तैयारी में सहयोग किया। इसके बाद जेसीबी लगाकर कार्य को तेज किया गया। विधायक की इस पहल से स्थानीय श्रद्धालुओं में खुशी देखी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त पोखर बिहार सरकार की जमीन पर स्थित है और वर्षों से यहां छठ पूजा होती रही है। पास की नहर में पानी नहीं होने और गंदगी के कारण श्रद्धालुओं के लिए वहां पूजा करना संभव नहीं है। इसी वजह से स्थानीय लोग गुंडा चौक पोखर में छठ घाट तैयार कर रहे थे। इस संबंध में विश्व हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की संस्कृति, परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। बिहार के लाखों लोग सालभर देश-विदेश में मेहनत-मजदूरी करते हैं, लेकिन छठ महापर्व के अवसर पर अपनी मिट्टी और परिवार के बीच लौटकर इस महान पर्व को मनाते हैं। ऐसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को पूजा करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारा देश संतों का देश है, सनातनियों का देश है और 100 करोड़ हिंदुओं की आस्था एवं संस्कृति का देश है। यहां सनातन धर्म, धार्मिक परंपराओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनातन आस्था को ठेस पहुंचाने या धार्मिक आयोजनों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था का अभिन्न हिस्सा है। इसका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि बिहार सरकार की ओर से पूरे बिहार में छठ घाटों पर रोशनी, गोताखोरों और बाजा-गाजा सहित श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सनातनी समाज के प्रेम और आशीर्वाद से मुझे तीसरी बार क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है। ऐसे में मेरा भी दायित्व है कि मैं अपने सनातनी समाज के हर सुख-दुख में मजबूती से साथ खड़ा रहूं। मैं हमेशा समाज की सेवा और लोगों की आस्था के सम्मान के लिए तत्पर रहूंगा।
आशीष गोस्वामी ने छठ महापर्व को लेकर जिलेभर में घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा के लिए पूर्णिया जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बिहार सरकार और केंद्र सरकार को भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने विधायक विजय खेमका की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की आस्था, भावनाओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। हमारा संगठन धर्म रक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ सदैव समाज के बीच खड़ा है।
इस मौके पर विधायक विजय खेमका के साथ विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी एवं संगठन के जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार, उमेश कुमार, नीरज कुमार, पवन भगत, विनय कुमार जायसवाल, अमन जायसवाल, रितेश जायसवाल, मणि सिंह, राजेश जायसवाल, संत कुमार जायसवाल, सुभाष जायसवाल, अमिताभ महतो, पिंटू शर्मा, मंगल महाल्दार एवं प्रदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।


Post a comment