कटिहार में भीषण अग्निकांड, चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत निमोल पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित रंगपोखर गांव में गुरुवार को भीषण अग्निकांड में चार आवासीय घर समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से सकीना खातून, मोहम्मद आलम, मोहम्मद जाहिर और डब्लू बबलू के चार आवासीय घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, चांदी के सामान और एक मोटरसाइकिल भी आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड में लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

निमोल पंचायत के समाजसेवी मोहम्मद अरमान ने बताया कि आग इतनी भयावह थी कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन बरसोई अनुमंडल मुख्यालय से दमकल वाहन पहुंचने में काफी देर हो गई। इस कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और चारों घरों के साथ उनमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि आजमनगर प्रखंड मुख्यालय में दमकल वाहन उपलब्ध रहता तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था। उन्होंने प्रखंड मुख्यालय में स्थायी रूप से दमकल वाहन की व्यवस्था करने की मांग की। वहीं, आजमनगर अंचल अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिली है। क्षति का आकलन कराया जाएगा तथा सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment