एक दिन पहले सोशल मीडिया पर शेयर किया सुशांत सिंह राजपूत की फोटो, दूसरे दिन दुकान के अंदर ही...

शेखपुरा: शहर के महुरी टोला इलाके में एक युवक द्वारा दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खांडपर निवासी ललन पांडे के पुत्र अविनाश पांडे उर्फ श्याम पांडे के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है। मृतक के चाचा करुणा शंकर पांडे ने बताया कि अविनाश ने करीब 24 घंटे पहले अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तस्वीर लगाई थी। सोमवार को वह घर में खाना खाने के बाद महुरी टोला स्थित अपनी दुकान पहुंचा था। इसके बाद उसने दुकान के अंदर फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन दुकान पहुंचे। चाचा ने बताया कि जब दुकान का शटर उठाया गया तो अविनाश को फंदे से लटका देख सभी के होश उड़ गए। मृतक एक बड़ी बहन के बाद परिवार में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment