सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की जांच शुरू, बीस सूत्री अध्यक्ष ने अधिकारियों के संज्ञान में लाया था मामला
- by Manjesh Kumar
- 17-Sep-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड के पूर्वी बारीनगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 में जीडी रोड से प्राथमिक विद्यालय गांधी ग्राम तक बन रही सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आलोक में गुरुवार को बरारी बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज और ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता राहुल कुमार स्थल पर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके से निर्माण सामग्री का सैंपल जांच के लिए लिया। यह मामला बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह कुशवाहा द्वारा उप विकास आयुक्त, कटिहार को दिए गए आवेदन के बाद सामने आया। आवेदन में सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही गिट्टी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए स्थल निरीक्षण एवं सामग्री की जांच कराने की मांग की गई थी।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के उप विकास आयुक्त के आदेश पर मामले की स्थलीय जांच के लिए जांच दल का गठन किया गया है। आदेश में बरारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी और ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करने तथा संयुक्त हस्ताक्षरित जांच प्रतिवेदन निर्धारित समय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही गिट्टी के गंदे और गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना था कि यदि जांच के बाद खराब सामग्री को हटाकर अच्छी गिट्टी से निर्माण कराया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क निर्माण के लिए करीब दो महीने से गिट्टी और बालू सड़क पर गिराकर रखा गया है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने निर्माण सामग्री को व्यवस्थित कराने और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग की। मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, बीस सूत्री सदस्य चन्द्रमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अब जांच के लिए लिए गए निर्माण सामग्री के सैंपल की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।


Post a comment