राहत शिविर संख्या- 20 में भोजन व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, जदयू नेता ने की जांच की मांग की
- by Manjesh Kumar
- 17-Sep-2026
- Views
कटिहार: बाढ़ पीड़ितों के लिए लगाए गए राहत शिविरों में भोजन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को गुरुमेला पंचायत के शिविर संख्या-20, जहां रविदास टोला के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए शिविर संचालित है, के निरीक्षण के दौरान भोजन की मात्रा को लेकर गंभीर सवाल सामने आने का दावा किया गया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने बीस सूत्री सदस्य चन्द्रमोहन सिंह के साथ शिविर का निरीक्षण किया। मनोज सिंह कुशवाहा के अनुसार, निरीक्षण के दौरान शिविर में एक बोरी चावल की खिचड़ी तैयार की जा रही थी। इसमें करीब दो किलो के आसपास ही दाल डाले जाने की जानकारी मिली। उनके मुताबिक, उस समय खिचड़ी के साथ सब्जी या आलू का चोखा भी तैयार नहीं किया जा रहा था। इसे लेकर उन्होंने संबंधित शिविर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल जांच की मांग की।
कुशवाहा ने कहा कि गुरुमेला पंचायत के पांच राहत शिविरों के निरीक्षण के दौरान रसोइयों से भोजन की मात्रा की जानकारी ली गई। उनके अनुसार, विभिन्न शिविरों में एक समय के भोजन में करीब 35 से 50 किलो चावल और पांच किलो दाल पकाए जाने की बात सामने आई। उन्होंने दावा किया कि अंचल कार्यालय की ओर से प्रत्येक शिविर के लिए प्रतिदिन दो समय के भोजन के हिसाब से 10 बोरी चावल और 2 बोरी दाल उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में आवंटित राशन और वास्तविक उपयोग की मात्रा का मिलान जरूरी है।
उन्होंने अंचल अधिकारी से शिविर संख्या-20 को प्राथमिकता के आधार पर जांचने, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर का सत्यापन करने तथा अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। हालांकि राशन की वास्तविक मात्रा और किसी अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


Post a comment