इलेक्ट्रिशियन की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने सड़क जाम कर काटा बवाल, 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग

मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर निवासी इलेक्ट्रिशियन पंकज कुमार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बुधवार को शव कंपनी के वेयरहाउस के अंदर मिला था। इसके विरोध में गुरुवार को मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव को एनएच 27 लसगरिपु पंचायत भवन के समीप पर रखकर प्रदर्शन किया। जाम के कारण दरभंगा की तरफ जाने वाले एनएच, मोतिहारी की तरफ जाने वाले एनएच और हाजीपुर तरफ जाने वाले फोरलेन सभी तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने से हाईवे पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

मृतक के बड़े भाई विजय कुमार ने कहा कि पंकज परिवार में कमाने वाला मुख्य सदस्य था। वह महिंद्रा कंपनी के स्पेयर पार्ट्स वेयरहाउस में इलेक्ट्रिशियन के पद पर काम करता था। परिवार के बुजुर्ग माता-पिता समेत अन्य सदस्य उसकी कमाई पर निर्भर थे। उन्होंने मामले में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने और परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की। विजय कुमार ने बताया कि बुधवार शाम किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसके भाई की लाश मेडिकल में पड़ी है। परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।

एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा था। हालांकि, परिजनों ने हत्या की बात बताते हुए आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है जिससे मौत की वास्तविक कारणों की पता चलेंगी। घटनास्थल यानी वेयरहाउस को सुरक्षित किया गया था। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। ब्लड सैंपल समेत अन्य साक्ष्य भी लिए गए हैं। फिलहाल घटनास्थल से लोहे की रॉड या किसी हथियार की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। वेयरहाउस का ताला परिस्थितियों के अनुसार खोला गया था और घटनास्थल को आगे भी सुरक्षित रखा जाएगा। कंपनी के मालिक से अभी संपर्क नहीं हो पाया है, जबकि उनके भाई से संपर्क हुआ है।

वही, सड़क जाम की सूचना पर कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार पहुँचे और आक्रोशित लोगों को समझा - बुझाकर शांत कराया एवं घटना की निष्पक्षता पूर्वक जाँच पड़ताल करवाने एवं जांचोपरांत दोषियों पर सख्त कार्रवाई करवाने की बात कही। विधायक अजीत कुमार के आश्वासन के उपरांत लोगों ने जाम समाप्त किया साथ ही उन्होंने मौके पर उपस्थित एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी और कांटी पुलिस को इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की निर्देश दिया। विधायक अजीत कुमार ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ में है एवं परिवार को हर हाल में न्याय दिलवाएंगे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना भी दिया एवं कहा कि घटना काफी हृदय विदारक है इससे वे काफी दुःखी हैं।

इस संबंध में एसडीपीओ पश्चमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिक दर्ज की जाएगी एवं घटना की बारीकियां से छानबीन की जा रही है घटना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक पता भी चलेगी।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment