किसानों की समस्या का प्राथमिकता से हो समाधान: DM इंद्रजीत सिंह
- by Manjesh Kumar
- 08-Oct-2026
- Views
सुल्तानपुर (उप्र): सुल्तानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में कृषि एवं कृषक कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीडीओ विनय कुमार सिंह समेत कृषि अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में करहवा ताल में जलभराव से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठा। किसानों ने बताया कि DM के निर्देश पर जल निकासी कराई गई, जिससे राहत मिली। वहीं धान में झुलसा रोग की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को दवाएं उपलब्ध कराने और किसानों को बचाव के उपाय बताने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 156 किसानों ने क्लेम किया था, जिसमें से केवल 15 को भुगतान मिला है। इस पर DM ने नाराजगी जताते हुए CDO, ADM वित्त एवं कृषि विभाग की संयुक्त बैठक कर अस्वीकृत क्लेम के कारणों की जांच और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि और सोलर पम्प योजना की भी समीक्षा हुई। किसानों ने बताया कि सर्वेयर लो-वोल्टेज का हवाला देकर सोलर पम्प के आवेदन निरस्त कर देते हैं। DM ने इसकी जांच के निर्देश दिए।
DM ने कहा कि खाद्य वितरण केंद्रों पर ही फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा दी जाए, ताकि कोई किसान बिना खाद लिए न लौटे। लेखपालों की हड़ताल से वरासत, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनने में आ रही दिक्कत पर DM ने कहा कि अति आवश्यक प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं और हड़ताल खत्म कराने के प्रयास जारी हैं। आवारा पशुओं की समस्या पर उन्होंने पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने को कहा। बीज समय से न मिलने की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी को सीजन के अनुसार गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उद्यान विभाग की समीक्षा में केला, आंवला, अमरूद की बागवानी बढ़ाने और हल्दी की खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। DM ने कहा कि किसानों की हर समस्या का समयबद्ध निस्तारण हो और अगली समीक्षा बैठक 5 नवंबर को होगी।


Post a comment