दुर्गा पूजा पर सुरक्षा का सख्त पहरा: हर पंडाल पर पुलिस तैनाती, डांडिया आयोजनों पर भी रहेगी नजर, के हाट थाना में बैठक संपन्न
- by Manjesh Kumar
- 08-Oct-2026
- Views
पूर्णिया: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर केहाट थाना परिसर में थाना प्रभारी रंजन ठाकुर के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न पूजा पंडालों में पुलिस टीम की तैनाती को लेकर चर्चा की गई। क्षेत्र में होने वाले डांडिया आयोजनों को लेकर भी प्रशासन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजन करें। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास मांस-मछली की दुकानें एवं संबंधित गतिविधियां प्रशासन के निर्देशानुसार बंद रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या गलत गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
थाना प्रभारी रंजन ठाकुर ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। सभी पूजा समितियों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाएगी। शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सदस्य भी सहयोग करेंगे। संगठन के सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहेंगे और किसी भी संदिग्ध या गलत गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करेंगे। प्रमुख रूप से बैठक में सदर सीओ अंशु कुमार, आरती कुमारी, इंस्पेक्टर सहित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के साथ राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, सुशील कुमार एवं विक्की गोस्वामी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट स्टेशन दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष केशव गिरी, वार्ड नंबर 19 के वार्ड पार्षद कुणाल किशोर सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहे।


Post a comment