पूर्णिया के सैकड़ों युवाओं को जल्द मिलेगा रोजगार, सांसद पप्पू यादव की पहल पर आयोजित की जा रही है...

पूर्णिया: कोसी-सीमांचल के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 अगस्त को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाला रोजगार मेला की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सांसद पप्पू यादव ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित टीम के साथ व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मेला स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस आयोजन को सफल बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में कोसी-सीमांचल क्षेत्र के 15 हजार से अधिक युवा शामिल होंगे। यह मेला क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार की तलाश में युवाओं को दूसरे शहरों और राज्यों में भटकना न पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों और नियोक्ताओं के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह कोसी-सीमांचल के युवाओं को कंपनियों और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले युवाओं के लिए पंजीकरण, बैठने, मार्गदर्शन, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सांसद ने कहा कि तैयारी अंतिम चरण में है और आयोजन को व्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए पूरी टीम लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेला-2026 के बाद आने वाले समय में हर प्रमंडल में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बिहार के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। सांसद ने कहा कि कोसी-सीमांचल के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें सही अवसर और उचित मंच मिले। रोजगार मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कल का आयोजन युवाओं के लिए न केवल रोजगार का अवसर लेकर आएगा, बल्कि उनके भविष्य को नई दिशा देने वाला भी साबित होगा। ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम, प्रतिनिधि बबलू भगत, संजय सिंह, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, सुडु यादव, वैश खान, मंटू यादव, दिवाकर चौधरी, पप्पू यादव मुखिया, शंकर सहनी, दिपांकर चटर्जी, अशोक दास मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment