साइकिल चला यहां से गए थे डीएम बावजूद इसके नहीं दिखा, अब ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपाई कर दिलाई याद

शेखपुरा: वर्षों से जलजमाव की समस्या झेल रहे शेखोपुरसराय-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को ग्रामीणों का सब्र टूट गया। भदेली चौक के समीप सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर व्यवस्था की बदहाली पर तीखा तंज कसा। ग्रामीणों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में महीनों से पानी जमा है, जिससे राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीण प्रवीण यादव ने कहा कि कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी शेखर आनंद साइकिल यात्रा के दौरान इसी मार्ग से गुजरे थे। इसके बावजूद जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने बताया कि शेखोपुरसराय के अधिवक्ता शंकर प्रियदर्शी भी इसी सड़क के गड्ढे में गिरकर पैर तुड़वा चुके हैं। उन्होंने घटना के बाद जिलाधिकारी को आवेदन देकर समस्या की जानकारी दी थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर धान रोपना सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि प्रशासन को आईना दिखाने का प्रयास है। उन्होंने जलजमाव का स्थायी समाधान, सड़क की मरम्मत और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment