रौतिनिया डंपिंग यार्ड में बदबू और धीमे कचरा निष्पादन पर कांटी विधायक सख्त

मुजफ्फरपुर: मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित कचरा डंपिंग यार्ड का बुधवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरे के निष्पादन, दुर्गंध और आसपास के लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने विधायक से शिकायत करते हुए कहा कि डंपिंग यार्ड से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है, वहीं कचरे का निष्पादन भी अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर प्रबंधक को 24 घंटे के अंदर छिड़काव कराने और समस्या का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया धीमी हुई है। अब तक करीब 385 टन कचरे का निष्पादन किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य से काफी कम है। विधायक ने बारिश समाप्त होते ही निष्पादन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि प्रतिदिन कचरे का निष्पादन होना चाहिए, लेकिन निरीक्षण के दौरान व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा। उन्होंने नगर निगम के कुछ कर्मियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों को दुर्गंध से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मामले की वस्तुस्थिति से डीएम को अवगत कराने की भी बात कही। नगर प्रबंधक ने बताया कि निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गुरुवार से आसपास के गांवों में फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा। प्रोजेक्ट मैनेजर भारत भूषण ने बताया कि लीगेसी वेस्ट के निष्पादन के लिए मशीन लगाई गई है और मौसम सामान्य होते ही कार्य में तेजी आएगी। निरीक्षण के बाद प्रखंड सभागार में अधिकारियों व नगर निगम कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर विधायक ने डंपिंग यार्ड की नियमित निगरानी, फॉगिंग, कचरा निष्पादन और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर उप नगर आयुक्त, सीओ पुष्कल कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो शमीम, पूर्व प्रमुख मो मोहसिन, मनोज कुमार सिंह, मूर्ति देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment