बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचीं मुख्य पार्षद, निजी कोष से नाव और राशन उपलब्ध कराया

कटिहार: नगर पंचायत बरारी के वार्ड संख्या तीन स्थित जीरा पट्टी में बरंडी बांध के नीचे बसे दर्जनों परिवार इन दिनों बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हैं। बुधवार को नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कश्यप उर्फ हिटलर यादव ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। मुख्य पार्षद नाव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचीं और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।  स्थानीय लोगों ने बाढ़ के कारण आवागमन, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों की जानकारी मुख्य पार्षद को दी। मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने कहा कि वार्ड तीन में कई परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। उनके अनुसार, प्रभावित परिवारों को अब तक प्रशासन की ओर से राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है।

प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों को देखते हुए मुख्य पार्षद ने अपने निजी कोष से एक नाव उपलब्ध कराने के साथ सूखा राशन सामग्री भी मुहैया कराई। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों तक भोजन और आवश्यक सामग्री पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्य पार्षद ने प्रशासन से वार्ड तीन में अविलंब दो सामुदायिक किचन शुरू कराने तथा प्रभावित लोगों के आवागमन और राहत कार्य के लिए अतिरिक्त नाव उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहत व्यवस्था मजबूत होने से बाढ़ प्रभावित परिवारों को काफी सहूलियत मिल सकती है। मौके पर वार्ड पार्षद अर्जुन मंडल, रजत कश्यप, सुब्रत कश्यप, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मो मैमूर समेत अन्य लोग मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment