AI से और स्मार्ट होंगी बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थ्य मंत्री ने पेशेंट रेफरल सिस्टम और टेलीमेडिसन सेवाओं की समीक्षा की और कहा...
- by Manjesh Kumar
- 09-Sep-2026
- Views
पटना: स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में आज बुधवार को स्वास्थ्य समिति, बिहार, पटना के सभागार में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेशेंट रेफरल सिस्टम, स्मार्ट एम्बुलेंस, टेलीमेडिसिन और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच एवं कार्यक्षमता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। > स्वास्थ्य मंत्री ने पेशेंट रेफरल सिस्टम को सॉफ्टवेयर से इंटीग्रेट करने तथा 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं को एकीकृत करने का निर्देश दिया। इमरजेंसी रेफरल के मामलों में एंबुलेंस में ही मरीज के महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर डैशबोर्ड के माध्यम से कंट्रोल सेंटर तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
इमरजेंसी नेटवर्क के माध्यम से 102 एवं 108 सेवाओं को अस्पतालों से जोड़ा जाएगा, जिससे अस्पतालों में उपलब्ध बेड की रियल टाइम जानकारी डैशबोर्ड पर उपलब्ध रहेगी। मरीज की स्थिति एवं बेड की उपलब्धता के आधार पर उपयुक्त अस्पताल का चयन किया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने पीएमसीएच, एम्स, एनएमसीएच एवं IGIMS को पायलट प्रोजेक्ट में शामिल करने का निर्देश दिया। एंबुलेंस में उपलब्ध कियोस्क से सरकारी अस्पतालों में बेड की उपलब्धता की जानकारी तथा मरीज की वर्तमान लोकेशन संबंधित अस्पताल को उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में कमांड सेंटर सेंटर स्थापित करने, QR कोड आधारित बेड मैनेजमेंट एवं बेड की वास्तविक समय प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मरीजों के खान-पान से संबंधित जानकारी को Vital में शामिल करने तथा यह जानकारी ANM, आशा एवं जीविका दीदी के माध्यम से प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। आयुष चिकित्सकों द्वारा प्रभावी दवाओं की जानकारी भी संकलित की जाएगी।104 सेवा एवं टेलीमेडिसिन को किया जाएगा सुदृढ़स्वास्थ्य मंत्री ने 104 कॉल सेंटर के प्रचार-प्रसार एवं कॉल फॉलो-अप पर जोर देते हुए 104 सेवा को ई-संजीवनी से इंटीग्रेट करने की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्देश दिया।
AI के उपयोग से बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
बैठक मेंAI के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच एवं कार्यक्षमता बढ़ाने तथा मरीजों के डेटा के प्रभावी उपयोग एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने पेशेंट रेफरल सिस्टम, स्मार्ट एंबुलेंस, टेलीमेडिसिन एवं AI आधारित तकनीकी व्यवस्थाओं को समन्वित करते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे मरीजों को समय पर उचित अस्पताल एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उपलब्ध हो सके। बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, बीएमएससीएल के एमडी सुब्रत सेन, आईजीआईएमएस की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Post a comment