सलाखों के पीछे रहने वाले भाइयों की कलाई पर भी बहनों ने बांधी राखी, मुजफ्फरपुर जेल में भावुक दिखा माहौल
- by Manjesh Kumar
- 28-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: भाई बहन के प्यार और भावनाओं का महापर्व रक्षाबंधन के अवसर पर देश भर में बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी और उनकी सलामती की दुआ की। वहीं भाइयों ने भी राखी के बदले बहन की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस बीच भावुक करने वाली तस्वीर सामने आई मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा से जहां सलाखों के पीछे बंद भाइयों की बहन भी राखी लेकर पहुंची थी। भाई बहन के अटूट प्रेम के इस पर्व पर जेल प्रशासन ने भी पहले से तैयारी कर रखी थी और आने वाली सभी बहनों को अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने की अनुमति दी। इस दौरान एक तरफ बहनें भाई को राखी बांध रही थी तो दूसरी तरफ भाई बहन की आँखें भावुकता की वजह से नम हो रही थी। मौके पर माहौल एक तरफ खुशनुमा था तो दूसरी तरफ पलकें भी भींग रहे थे।
रक्षाबंधन को लेकर जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों से आई बहनें जेल के मुख्य गेट के बाहर कतार में खड़ी होकर अपने नंबर का इंतजार करती नजर आईं। इसके बाद बारी-बारी से उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई और उन्होंने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद कई बहनें भावुक हो गईं। जेल में बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद मिठाई खिलाकर उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सलामती की दुआ मांगी।


Post a comment