नालंदा के हिलसा में पटरी से उतरी मालगाड़ी की चार बोगी, रेल परिचालन के साथ ही सड़क मार्ग भी हुआ बाधित

पटना: राजधानी पटना के दनियावां से इस्लामपुर जाने के क्रम में नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। घटना के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया, जबकि आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या रेलकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी हिलसा स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी अचानक उसके चार डिब्बे बेपटरी हो गए। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पटना से तकनीकी टीम को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जिसने ट्रैक और बेपटरी हुई बोगियों का निरीक्षण शुरू कर दिया।

मालगाड़ी के बेपटरी होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली–इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस, पटना–इस्लामपुर पैसेंजर और इस्लामपुर–हटिया सहित कई ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक को जल्द से जल्द चालू कराने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। मौके पर मौजूद रेलवे टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय मालगाड़ी की रफ्तार लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उन्होंने कहा कि बेपटरी हुई बोगियों और रेलवे ट्रैक की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे पदाधिकारियों ने भी बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन परिस्थितियों में मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतरीं। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

घटना का असर केवल रेल परिचालन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फतुहा, दनियावां, हिलसा और इस रेलखंड से जुड़े कई रेलवे फाटकों पर भी सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। फाटक लंबे समय तक बंद रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने बेपटरी हुई बोगियों को हटाकर ट्रैक को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही रेल परिचालन सामान्य किया जाएगा।

पटना से मणिकांत की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment