बाल श्रम और बाल विवाह की रोकथाम पर जोर, सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया गया जागरूक
- by Manjesh Kumar
- 27-Oct-2026
- Views
कटिहार: बच्चों के अधिकारों की रक्षा, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जयमाला शिक्षा निकेतन में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं कटिहार जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा और उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्याओं को रोकने और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, संरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सुशील कुमार सुमन एवं प्रिंसिपल अजय कुमार निराला ने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं कटिहार जिला प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने में भी मददगार होते हैं। विद्यालय परिवार ने बच्चों के हित में जागरूकता फैलाने की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के अधिकारों की रक्षा, बाल श्रम एवं बाल विवाह की रोकथाम और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।


Post a comment