कटिहार के आजमनगर में पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण मुक्त कराई गई महाराज स्थान की जमीन
- by Manjesh Kumar
- 27-Oct-2026
- Views
कटिहार: आजमनगर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को अंचल प्रशासन ने पुलिस बल के सहयोग से केसरी चौक स्थित सेंट्रल बैंक के सामने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराज स्थान की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई राजू भगत द्वारा सहयोग शिविर पोर्टल पर दिए गए आवेदन के बाद की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में अतिक्रमणकारियों के बीच हलचल देखी गई। मिली जानकारी के अनुसार, आजमनगर थाना क्षेत्र के मौजा आजमनगर, थाना नंबर 460, खाता संख्या 742 तथा खेसरा 986 और 987 से संबंधित जमीन गैरमजरुआ आम एवं सर्वसाधारण महाराज स्थान की बताई गई है। उक्त जमीन पर कई लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की गई थी। आरोप है कि जुगल भगत सहित दो अन्य व्यक्तियों ने वहां गुमटीनुमा दुकानें रखकर जमीन पर कब्जा कर लिया था।
मंगलवार को अंचल प्रशासन ने आजमनगर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित स्थल पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गुमटीनुमा दुकानों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस संबंध में अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2022-23 में ही उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आवेदन दिया गया था। मामले में अतिक्रमण हटाने का अंतिम आदेश पारित होने के बावजूद तत्कालीन अंचल अधिकारी द्वारा कार्रवाई नहीं की गई थी।
इसके बाद आवेदक राजू भगत ने सहयोग शिविर पोर्टल के माध्यम से दोबारा आवेदन देकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। मामला राज्यस्तरीय स्तर पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और मंगलवार को पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। प्रशासन की इस कार्रवाई हड़कंप मच गया।


Post a comment