पेपरलेस निबंधन प्रक्रिया का अधिकारियों ने लिया जायजा, आमलोगों से भी की बड़ी अपील
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: बिहार सरकार के निर्देशानुसार राज्य में 17 अगस्त से शुरू की गई पेपरलेस जमीन निबंधन व्यवस्था को लेकर बनमनखी अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आमजनों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जमीन निबंधन प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब निबंधन की प्रक्रिया कागजों के बजाय डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और समय तथा रुपए की भी बचत होगी। उन्होंने जानकारी दी कि निबंधन कार्यालय परिसर में' हेल्प यू काउंटर' की स्थापना की गई है, जहां आम लोगों को जमीन निबंधन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। इस काउंटर के माध्यम से लोग बिना किसी परेशानी के अपनी जमीन का निबंधन करा सकते हैं। जानकारी साझा करते हुए बताया कि 17 अगस्त से अब तक पेपरलेस के तहत दो जमीन निबंधन किया गया है। एसडीएम ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के बिचौलियों के झांसे में न आएं और सीधे हेल्प यू काउंटर का लाभ उठाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि निबंधन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बने। ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और सुनिश्चित किया कि पेपरलेस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन हो, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक रूप से प्रचार प्रसार हो।


Post a comment