नेपाल से रेस्क्यू किए गए महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने ट्रेन से किया रवाना, लोगों ने सीतामढ़ी और पटना जिला प्रशासन को कहा धन्यवाद

नेपाल में फ्लैश फ्लड में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों का बिहार सरकार ने किया सुरक्षित रेस्क्यू, ट्रेन से महाराष्ट्र रवाना

पटना: नेपाल में आई आकस्मिक फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के लगभग 100 तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार द्वारा मानवीय एवं संवेदनशील पहल करते हुए सुरक्षित निकालकर उनके गृह राज्य के लिए रवाना किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री के निर्देश तथा मुख्य सचिव तथा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव के सतत पर्यवेक्षण में आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से सीतामढ़ी जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित एस्कॉर्ट कर सीतामढ़ी लाया गया।

सीतामढ़ी में उनके लिए भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई। तत्पश्चात सभी तीर्थयात्रियों को शनिवार को प्रातः 02:30 बजे सीतामढ़ी से पटना लाया गया। जिला प्रशासन, पटना द्वारा उन्हें राजधानी पटना के ओपी साह सामुदायिक भवन में ठहराया गया तथा रात्रि में ही भोजन, आवासन, चिकित्सा जांच एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य सचिव के स्तर से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर पटना-पुणे एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ी गईं। शनिवार को पूर्वाह्न 07:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को उक्त विशेष व्यवस्था के साथ ट्रेन द्वारा उनके गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए सुरक्षित एवं सकुशल रवाना किया गया। सुरक्षित एवं सम्मानजनक वापसी पर सभी तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार, सीतामढ़ी एवं पटना जिला प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता एवं समन्वित राहत प्रयासों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

  

Related Articles

Post a comment