हथियार के बल पर मेसी शोरूम के स्टाफ से तीन लाख की लूट, इलाके में दहशत

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर मेसी शोरूम के एक कर्मचारी से करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सालमारी स्थित मेसी शोरूम का कर्मचारी गणेश राय मनिहारी के बलदियागाछी से ट्रैक्टर की किस्त के रूप में वसूली गई राशि लेकर आजमनगर होते हुए सालमारी लौट रहा था। उसके साथ धबोल गांव निवासी मोहम्मद समद भी बाइक पर था धबोल पहुंचने पर समद बाइक से उतर गया और गणेश राय अकेले आगे बढ़ने लगे इसी दौरान शिशाबाड़ी और चांदपुर बैरिया के बीच बांध पर एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

गणेश राय ने बताया कि जैसे ही वह रुके, दोनों बदमाशों ने हथियार निकालकर डिक्की खोलने को कहा और गोली मारने की धमकी दी। भय के कारण उन्होंने बाइक की डिक्की खोल दी, जिसके बाद बदमाश डिक्की में रखा लगभग तीन लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मेसी शोरूम के मालिक के पुत्र आयुष अग्रवाल ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि बदमाशों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि बैग में नकदी रखी हुई है, जिससे घटना में रेकी की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

  

Related Articles

Post a comment