लायंस क्लब ऑफ पटना ने आयोजित की नृत्यांजलि, 13 विद्यालयों के 300 बच्चों ने लिया हिस्सा
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
पटना: लायंस क्लब ऑफ पटना अनंता की ओर से पटना के रविंद्र भवन में अंतर-विद्यालय नृत्य प्रतियोगिता ‘नृत्यांजलि’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पटना के 13 विद्यालयों से करीब 300 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सेमी-क्लासिकल, कंटेम्परेरी और रीजनल डांस की इन श्रेणियों में पटना के 13 विद्यालयों से आए करीब 300 बच्चे, स्लम बस्ती के बच्चे और ट्रांसजेंडर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों सेमी-क्लासिकल, कंटेम्परेरी एवं रीजनल डांस—में आयोजित किया गया।
प्रतिभागी बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, ऊर्जा और प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। जहां एक ओर शहर के बड़े- बड़े स्कूलों के छात्रों ने मंच साझा किया, वहीं दूसरी ओर स्लम के होनहार बच्चों को भी अपनी कला दिखाने का बराबर मौका मिला। और तो और, इस मंच की सबसे बड़ी खूबी यह रही कि इसमें ट्रांसजेंडर बच्चों को भी खुलकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अनूठा अवसर दिया गया—यह साबित करते हुए कि कला किसी सीमा या भेदभाव को नहीं जानती।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं उद्घाटक पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कला एवं नृत्य क्षेत्र से जुड़ी शर्मिष्ठा बनर्जी, डॉ पूनम चौधरी, सोमा चक्रवर्ती एवं रामचंद्र गोल्डर शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया। लायंस क्लब ऑफ पटना अनंता का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और भारतीय संस्कृति एवं कला के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना है। ‘नृत्यांजलि’ इसी दिशा में क्लब की एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक, क्लब के सदस्य एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।


Post a comment