किसानों के खेत तक हर हाल में पहुंचेगा नहर का पानी, MLA ने कहा एक वर्ष में होगा बदलाव
- by Manjesh Kumar
- 08-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: तिरहुत मुख्य नहर से सिंचाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण कांटी एवं मड़वन प्रखंड के हजारों किसान वर्षों से पर्याप्त पानी के अभाव में खेती करने को विवश हैं। तिरहुत मुख्य नहर से निकलने वाली वितरणी एवं उप वितरणी नहरों का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने स्थानीय परिसदन में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर एक वर्ष के भीतर किसानों के खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में बताया गया कि तिरहुत मुख्य नहर कांटी विधानसभा क्षेत्र में जगन्नाथपुर आरडी संख्या 649 से पकड़ी पकोही आरडी संख्या 704.35 तक फैली हुई है। इससे निकलने वाली वीरपुर वितरणी धूमनगर से श्रीसिया कांटी तक जाती है, लेकिन वर्तमान में इसका पानी मुख्य रूप से कांटी थर्मल पावर तक ही सीमित रह गया है। इसके अलावा खजुरी माइनर, तिवारी टोला उप वितरणी एवं हरदासपुर लघु नहर सहित कई शाखाएं जर्जर स्थिति में हैं। वहीं रामदयालु नगर वितरणी से निकलने वाली बड़कागांव वितरणी, मड़वन माइनर, जीयन माइनर, माधो छपरा माइनर एवं जमाला माइनर जैसी सिंचाई परियोजनाएं भी उपेक्षा का शिकार हैं। परिणामस्वरूप हजारों एकड़ कृषि भूमि तक नहर का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
विधायक ई अजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वितरणी एवं उप वितरणी नहरों की भौतिक स्थिति का विस्तृत सर्वेक्षण कर शीघ्र प्रतिवेदन तैयार किया जाए। साथ ही जहां-जहां अतिक्रमण, अवैध निर्माण, नहरों में झाड़-झंखाड़ या टूट-फूट की समस्या है, उसकी अलग से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि चरणबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार की कार्रवाई शुरू हो सके। विधायक ने कहा कि किसानों का सिंचाई पर पहला अधिकार है और किसी भी परिस्थिति में उनके अधिकारों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना मेरा संकल्प है। इसके लिए यदि किसी भी स्तर पर लड़ाई लड़नी पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।
विधानसभा के अगले सत्र में इस पूरे मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और हर हाल में किसानों को उनका वाजिब हक दिलाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले एक वर्ष के भीतर नहरों का जीर्णोद्धार कर सिंचाई व्यवस्था को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कांटी और मड़वन क्षेत्र के किसानों को समय पर सिंचाई का लाभ मिल सके और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो। बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ई पुष्कर, सहायक अभियंता ई भोला प्रसाद, ई प्रभात कुमार, ई प्रशांत यादव, कनीय अभियंता शालिग्राम राय, रामनाथ दास, रोहित कुमार, अमित कुमार, दीपक कुमार एवं सन्नी कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment