फसल बचाने के लिए खेत में बिछाया करंट वाला नंगा तार, चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलसा

शेखपुरा: जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के महसार गांव में फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर बिछाए गए करंट प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान महसार गांव निवासी प्रभु यादव के पुत्र बालक यादव के रूप में हुई है। उनका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार किसान ओमप्रकाश उर्फ दिंगर सिंह ने अपनी फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर नंगा तार बिछाकर उसमें अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। बालक यादव को इसकी जानकारी नहीं थी। वह शौच के लिए खेत की ओर गए, तभी करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायल के भतीजे चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि खेत में चोरी से बिजली का करंट छोड़ना बेहद खतरनाक और गैरकानूनी है। उनका कहना है कि इस लापरवाही से किसी की भी जान जा सकती है। उन्होंने संबंधित किसान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग खेतों में इस तरह करंट प्रवाहित करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment