खेल संघों के सुझावों पर सरकार गंभीर, अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के विकास पर जोर
- by Manjesh Kumar
- 05-Aug-2026
- Views
मंत्री श्रेयसी सिंह ने खेल संघों के साथ की समीक्षा बैठक, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, वुशु और कुश्ती के विकास की बनी रणनीति
पटना: बिहार में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने खेल संघों के साथ समन्वय बढ़ाने की पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को उद्योग विभाग स्थित विकास भवन में खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में बिहार के विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल अवसंरचना के विस्तार, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी तथा आगामी खेल कैलेंडर को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत बिहार भारोत्तोलन संघ के साथ हुई, जिसमें प्रतिनिधियों ने आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, खिलाड़ियों के लिए फर्स्ट एड एवं रिकवरी सेंटर तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप समर्पित वेटलिफ्टिंग हॉल के निर्माण की आवश्यकता रखी। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2028 के कॉमनवेल्थ खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर राज्य में विश्वस्तरीय वेटलिफ्टिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि खिलाड़ियों को अपने राज्य में ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सके।
वुशु को गांवों तक पहुंचाने की तैयारी
बिहार वुशु संघ के साथ हुई चर्चा में मंत्री ने राज्य के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उच्चस्तरीय प्रशिक्षकों के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंचायत खेल क्लबों के माध्यम से वुशु जैसी विधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ सकें।
बॉक्सिंग को दिलाई जाएगी नई पहचान
बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के प्रतिनिधियों ने राज्य में समर्पित बॉक्सिंग प्रशिक्षण केंद्रों और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग प्रशिक्षण सुविधाओं की मांग रखी। इस पर मंत्री ने कहा कि बिहार में आधुनिक बॉक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी विभाग तेजी से कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
बिहार कुश्ती संघ ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाते हुए अधिक केंद्र खोलने की मांग की। मंत्री ने कहा कि कुश्ती को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विभाग खेलो इंडिया के तहत अधिक प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने की दिशा में कार्य करेगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।
2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा
बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान खेल संघों की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 के खेल कैलेंडर, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी, प्रशिक्षण शिविरों के संचालन, प्रतिभा खोज अभियान, जिला स्तर से खिलाड़ियों के पारदर्शी चयन तथा बड़े खेल आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a comment