खानकाह मुजीबिया, फुलवारीशरीफ में उर्स के अवसर पर नीतीश कुमार ने की चादरपोशी
- by Manjesh Kumar
- 27-Aug-2026
- Views
पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने गुरुवार को फुलवारीशरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया में उर्स के अवसर पर पीर साहब से मिलने के उपरांत चादरपोशी की। इस दौरान उन्होंने बिहार में अमन-चैन, शांति, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
नीतीश कुमार ने कहा कि खानकाह मुजीबिया, फुलवारीशरीफ भारत में राष्ट्रीय एकता, धार्मिक सहिष्णुता एवं सामाजिक सद्भाव का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यहां हर वर्ग एवं धर्म के लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। खानकाह मुजीबिया स्थापना काल से ही शांति, मानवता और भाईचारे का संदेश देती रही है तथा यहां धर्म एवं संप्रदाय के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है। खानकाह मुजीबिया के वर्तमान सज्जादानशीं जनाब हजरत अल्लाज मौलाना सैयद शाह मोहम्मद अयातुल्लाह कादरी खानकाह के ग्यारहवें सज्जादानशीं हैं।
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर प्रत्येक वर्ष यहां चार दिवसीय उर्स का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जायरीन पहुंचते हैं। प्रत्येक वर्ष उर्स के मौके पर चादरपोशी की जाती रही है तथा राज्य में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और शांति की दुआ मांगी जाती है। इस अवसर पर साथ में फुलवारी विधायक सह पूर्व मंत्री श्याम रजक, वक्फ बोर्ड चेयरमेन जनाव इरशादुल्लाह साहेब, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप-नेता ललन सर्राफ के साथ फुलवारी प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, फुलवारी नगर अध्यक्ष मो मिनहाज सहित अनेक सहयोगियों एवं हजारों समर्थकों कार्यकर्ताओं संग दुआ की।


Post a comment