कटिहार में चेन स्नैचिंग गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 6 बदमाश गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
कटिहार: कटिहार पुलिस ने शहर में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई चेन का गलाया हुआ 9.810 ग्राम सोना, एक मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार 29 जून को नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी रमन कुमार चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 5:10 बजे उनकी पत्नी अपनी बच्ची को स्कूल वाहन में बैठाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
मामले में नगर थाना कांड संख्या 726/26 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपित आसीफ आलम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सोना खरीदने वाले तीन लोगों तथा सोना गलाने वाले दो अन्य आरोपितों को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Post a comment