कटिहार में रेलवे पटरी के समीप रखा था काला बैग, खुला तो निकला...

कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र के काढ़ागोला रोड स्टेशन के समीप शुक्रवार को रेल पटरी किनारे पुलिस ने एक लावारिस काले बैग से 5 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। गांजा पांच अलग-अलग पैकेट में रखा हुआ था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बरारी थाना की 112 पुलिस टीम को सूचना मिली कि काढ़ागोला रोड स्टेशन के पूर्वी हिस्से में अंडरपास संख्या 5 (बी) के समीप रेल पटरी किनारे एक गड्ढे में पुराना काला बैग पड़ा है। बैग में मादक पदार्थ होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई।

सूचना के आधार पर बरारी थाना के पुलिस पदाधिकारी राजनेता कुमार, सदानंद राय एवं संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली। इस दौरान रेल पटरी किनारे गड्ढे से काला बैग बरामद किया गया। बैग खोलने पर उसमें पांच पैकेट मिले, जिनमें गांजा रखा हुआ था। बरामद मादक पदार्थ की जांच और वजन की कार्रवाई दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी में की गई। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 5 किलो 500 ग्राम पाई गई।

बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि गांजा जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लावारिस बैग को रेल पटरी किनारे किसने रखा था तथा बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस आसपास के इलाके में भी संदिग्ध गतिविधियों और मादक पदार्थ के संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

  

Related Articles

Post a comment