झाड़ियों में नवजात को छोड़कर फरार हुई मां, रोने की आवाज सुन स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
- by Manjesh Kumar
- 16-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: दल्लू चौक रेलवे गुमटी के समीप यम्हा शोरूम के पीछे झाड़ियों में नवजात को जन्म देकर छोड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं नवजात को झाड़ियों में अकेला छोड़कर फरार हो गईं। मासूम के रोने की आवाज सुनकर शोरूम के कर्मचारियों ने संचालक रविरंजन कुमार को इसकी सूचना दी। इसके बाद शोरूम मालिक रविरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और नवजात को झाड़ियों से निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।एसआई सोनी कुमारी ने बताया कि सुबह गश्ती के दौरान उन्हें झाड़ियों में नवजात के पड़े होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में कार्यरत जीएनएम शुभद्रा कुमारी ने बताया कि नवजात की स्थिति फिलहाल बेहतर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि जन्म देने के बाद मासूम को इस तरह झाड़ियों में फेंक देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है। उन्होंने ऐसी घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Post a comment