जन्मदिन की खुशी को बनाया सेवा का अवसर: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के छोटू कुमार ने 14वीं बार किया रक्तदान

पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सक्रिय सदस्य छोटू कुमार ने अपने जन्मोत्सव के अवसर पर रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी संगठन के सदस्यों के साथ छोटू कुमार का जन्मोत्सव मनाने पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान संगठन की ओर से उपचाररत मरीजों के बीच फल एवं जूस का वितरण किया जा रहा था। इसी बीच जानकारी मिली कि कटिहार निवासी रामपाल दास अपने पुत्र मंटू दास से मिलने पूर्णिया आए थे। मंटू दास यहां बिजली मैकेनिक का कार्य करते हैं। पूर्णिया आने के बाद अचानक रामपाल दास की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लाइन बाजार स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें रक्त चढ़ाने की सलाह दी। रामपाल दास का रक्त समूह बी पॉजिटिव होने के कारण परिजन रक्त की व्यवस्था को लेकर परेशान थे।  इसकी सूचना संगठन के पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को दी। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के सदस्यों को तत्काल रक्त की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश मिलते ही जन्मोत्सव मना रहे संगठन के सक्रिय सदस्य छोटू कुमार ने बिना देर किए रक्तदान किया। उन्होंने अपने जन्मदिन की खुशी को सेवा कार्य से जोड़ते हुए जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।

अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि हमारे संगठन के युवा साल के 365 दिनों में जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की कमी की सूचना मिलती है, वे तत्काल आगे बढ़कर रक्तदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटू कुमार का यह 14वां रक्तदान है। 14 बार रक्तदान कर उन्होंने समाज में मानवता और सेवा की मिसाल पेश की है। मुझे अपने युवा साथियों पर गर्व है, जो जन्मदिन जैसे अवसरों को भी सेवा कार्य से जोड़कर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रभु श्री राम से अपने सभी युवा साथियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं। मौके पर मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया जिला मंत्री अशोक कुमार, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, मंगल महाल्दार, विनय जायसवाल एवं मानिकचंद सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment