हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा: जी डी गोयनका पब्लिक स्कूल की भव्य तिरंगा रैली ने जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा

पूर्णिया: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पूर्णिया के जी डी गोयनका पब्लिक स्कूल द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और जोश के साथ रैली में सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा। रैली में विद्यालय की प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, प्रशासक प्रीतम दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेनी पांडेय, ऑपरेशन मैनेजर रिचर्डसन झा, सूचना प्रौद्योगिकी प्रमुख डेविड कुमार, गतिविधि प्रभारी संचारी दास, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) राहुल शांडिल्य सहित शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ रौतारा गांव में तिरंगा रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। रैली का विशेष पड़ाव रौतारा टोल प्लाजा रहा, जहाँ ग्रामीणों एवं आम लोगों के बीच तिरंगे वितरित किए गए और उन्हें ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर दिया। विद्यालय की यह पहल केवल एक रैली तक सीमित नहीं रही, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी, सामाजिक सहभागिता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुई। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया। इस अवसर पर विद्यालय ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, जिम्मेदारी, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।


रैली को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में रौतारा थाना का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय परिवार थाना प्रभारी लालसारबिंद, उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव एवं पूरी पुलिस गश्ती दल के प्रति विशेष आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने सुरक्षा एवं गश्ती व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इसी क्रम में रौतारा टोल प्लाजा एजेंसी – संदीप कंस्ट्रक्शंस के मालिक अजीत सिंह एवं प्रभारी विकास यादव का भी विद्यालय परिवार हृदय से धन्यवाद करता है। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रौतारा कार्यालय से वरिष्ठ प्रबंधक मिथिलेश मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अभिषेक मेहता एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक सुनील कुमार ने भी आयोजन में अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया।

विद्यालय परिवार इन सभी संस्थाओं, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है। उनके सहयोग से यह तिरंगा रैली सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जी डी गोयनका पब्लिक स्कूल की यह पहल राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनी। विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास ने “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

  

Related Articles

Post a comment