सुल्तानगंज में गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, मां गंगा को निर्मल बनाए रखने का दिया संदेश

भागलपुर: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा समग्र कटिहार जिला के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया। उत्तरवाहिनी गंगा के इस महत्वपूर्ण घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवरिया गंगा जल भरकर देवघर एवं बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान आयोजित किया गया। गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ एवं जिला सहसंयोजक के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने नमामि गंगे घाट की साफ-सफाई की तथा श्रद्धालुओं और कांवरियों को गंगा में कूड़ा-कचरा नहीं डालने एवं नदी को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ ने कहा कि गंगा समग्र के स्वयंसेवक काढ़ागोला घाट पर भी मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए लगातार स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। सुल्तानगंज जैसे देश के प्रमुख उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मां गंगा हमारी जीवनरेखा है। गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट नहीं डालने की अपील की।

अभियान में नमामि गंगे मिशन तथा भागलपुर जिला गंगा समिति के महादेव रजक का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, सुशील राय, लक्ष्मण भगत, राहुल राज, बिपिन भगत, बबलू सिंह, कामदेव सोनी सहित गंगा समग्र के अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने कहा कि गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे निरंतर जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

  

Related Articles

Post a comment