बाढ़ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने की बैठक, विधायक ने दिए जरूरी निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 27-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड सभागार में गुरुवार को गंगा, बरंडी एवं कारी कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरारी विधायक विजय सिंह निषाद की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी रखनी होगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था की जाएगी। प्रभावित लोगों के साथ-साथ मवेशियों के लिए चारा तथा भोजन शिविर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राहत कार्य में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री की व्यवस्था अंचल कार्यालय में कराई गई है। जरूरतमंद एवं बाढ़ प्रभावित स्थानों पर पेयजल की सुविधा के लिए चापाकल लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जीआर राशि से मिलने वाली सहायता की सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए। सभी वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवारों को सूची में शामिल कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाने तथा पीड़ित परिवारों के लिए अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहत वितरण एवं सरकारी सहायता में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अंचल पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जिन पंचायतों में प्रत्येक वर्ष बाढ़ का प्रभाव सबसे अधिक रहता है, उन पंचायतों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर राहत एवं बचाव की तैयारी पहले से पूरी कर ली जाए। बैठक में अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज, बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव, जिला बीपीआरओ राजकुमार सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारी श्यामदेव कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी आदर्श कुमार अमन, सीडीपीओ विभा कुमारी, परिषद गुणसागर पासवान, राजीव कुमार भारती, राजीव चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा पंचायतों के मुखिया इब्राहिम, नवल किशोर कौशिक, राजकुमार यादव, मुखिया प्रतिनिधि मो मस्कूर, मो जहूर, उमाकांत सिंह सहित पंचायत समिति सदस्य जाबिर, मिथिलेश यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Post a comment