किशनगंज में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर भव्य जुलूस, अकीदतमंदों ने दिया अमन-शांति और भाईचारे का संदेश
- by Manjesh Kumar
- 26-Aug-2026
- Views
किशनगंज: किशनगंज जिले के सीमावर्ती इलाके गलगलिया में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने पूरे अकीदत और उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अमन, शांति, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। जुलूस की शुरुआत कर्बला बॉर्डर रोड से हुई। इसके बाद जुलूस डांगीजोत, ठेकाटोली, भक्सरभीटा और हाई स्कूल होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचा। यहां से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए बासमुनी, भातगांव पंचायत और पवन चौक के रास्ते रेलवे गेट को पार किया गया। इसके बाद जुलूस दोबारा कर्बला बॉर्डर के समीप पहुंचा, जहां धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद जुलूस का शांतिपूर्ण तरीके से समापन हुआ। इस दौरान जुलूस में आमिर सोहेल, मोहम्मद अली, मोहम्मद शोएब, अमन, दिलशाद, रोहित समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। हजारों की भीड़ के बावजूद लोगों ने अनुशासन और अकीदत के साथ जुलूस में हिस्सा लिया। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, गलगलिया एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। जुलूस के पूरे मार्ग पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती रही, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैद रहा।
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जुलूस के साथ चलते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। वहीं, भातगांव एसएसबी के जवान भी जुलूस के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए। स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रशासन की सतर्कता के बीच ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का यह भव्य जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस जुलूस के दौरान अमन, आपसी सौहार्द और भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।


Post a comment