भगवा अंगवस्त्र से सम्मान, धार्मिक एवं जनकल्याण पर मंथन: मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल से मिले विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष

पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने संगठन के सदस्यों के साथ बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल से उनके किशनगंज स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, वहीं संगठन के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। आशीष गोस्वामी ने संगठन की ओर से समाज हित में किए जा रहे सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की।

मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में सीमांचल क्षेत्र में लगातार सेवा एवं जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में संगठन जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर रहता है और संकट की घड़ी में सीमांचलवासियों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संगठन द्वारा किए जा रहे ऐसे सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए मेरी शुभकामनाएं सदैव संगठन के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र में संगठन द्वारा किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों पर सरकार की भी नजर है। संगठन की सक्रियता और जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही सहायता को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक विषयों को लेकर सरकार के मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद समय की आवश्यकता है। समाजहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। संगठन का प्रयास है कि सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाए।

अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री जी का स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। संगठन को जब भी आवश्यकता पड़ी है, उन्होंने अपनी व्यस्त कार्यशैली के बीच भी समय देकर संगठन का मार्गदर्शन किया है, जो हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए प्रार्थना की कि उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन सदैव मुझ पर तथा हमारे संगठन पर बना रहे। मौके पर मुख्य रूप से संगठन के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, वार्ड संख्या-9 के वार्ड अध्यक्ष महेंद्र दास एवं पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment