दहशत फैला इलाके में होना था पॉपुलर तो युवकों ने DIG चौक पर फायरिंग कर फैलाई थी दहशत, पुलिस ने भेजा जेल
- by Manjesh Kumar
- 20-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: इन दिनों पूरे बिहार में पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कवायद कर रही है। पूर्णिया में भी एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के नेतृत्व में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है लेकिन अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। पूर्णिया के हाई सिक्योरिटी इलाका डीआईजी चौक पर बीते रविवार फायरिंग मामले का पुलिस ने न सिर्फ खुलासा कर लिया है बल्कि आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जो बताया वह सुन पुलिस भी चौंक गई। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जा कर सीन रीक्रिएट भी किया। बाद में एक बार फिर एसएसपी ने अपराधियों को बड़ी चेतावनी दी है।
बीते रविवार की रात डीआईजी चौक पर फायरिंग के बाद न सिर्फ इलाके में दहशत का माहौल हो गया था बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिसिया दबिश के बाद मुख्य आरोपी ऋषभ ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया जिसे पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि उनका मकसद शहर में दहशत फैला कर पॉपुलर बनना था। इसी वजह से उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिल कर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।
मुख्य आरोपी से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आयुष कुमार, शुभम कुमार उर्फ छोटू, निखिल कुमार, शुभम यादव और अमित सागर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जा कर सीन रीक्रिएट भी किया और पूरी घटनाक्रम को समझा। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, एक अपाचे बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने बताया कि आरोपियों का उद्देश्य शहर में झूठी दहशत कायम कर खुद को ‘पॉपुलर’ बनाना था। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Post a comment