जिसकी जिम्मेवारी वही उड़ा रहा कानून की धज्जियां, मुजफ्फरपुर में डायल 112 के चालक ने शराब के नशे में साइकिल सवार को रौंदा

मुजफ्फरपुर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है और जिनके कंधों पर इसे प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी है अक्सर वह भी धज्जियां उड़ाते हुए देखे जाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है मुजफ्फरपुर से जहां शराब के नशा में डायल 112 गाड़ी के एक चालक ने तांडव मचाया। नशे में धुत डायल 112 के चालक ने एक साइकिल समेत एक मोटरसाइकिल सवार को रौंद दिया। घटना के वक्त मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आननफानन में मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। आरोपी डायल 112 चालक की पहचान संतोष के रूप में की गई है।

घटना के बाद मौके पर लोगों ने जम कर हंगामा किया और कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी है कानून का पालन करवाना लेकिन एक पुलिसकर्मी खुद शराब पी कर सड़क पर तांडव कर रहा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच की तो शराब पीने की पुष्टि हुई है जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

  

Related Articles

Post a comment