'सरकार भूखे मारना चाहती है, पुलिस ही मार दे...', पटना की सड़क पर उतरे दारोगा अभ्यर्थी, बैरिकेडिंग पार कर चढ़ गए फ्लाईओवर पर...

पटना: राजधानी पटना में छात्रों के विरोध प्रदर्शन का दौर खत्म नहीं हो रहा। मंगलवार को एक बार फिर छात्र सड़क पर उतरे और सीएम आवास का घेराव करने निकले। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी के बीच धक्कामुक्की और तीखी नोंक झोंक भी हुई लेकिन अंत में पुलिस ने सभी को समझा बुझा कर वापस भेज दिया। प्रदर्शन और सीएम आवास का घेराव करने निकले छात्र दारोगा अभ्यर्थी थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब 3 वर्ष पहले नियुक्ति के लिए आवेदन किया गया लेकिन आज तक परीक्षा भी आयोजित नहीं की गई और न ही विभाग की तरफ से कुछ जानकारी दी जा रही है।

बैरिकेडिंग पार कर फ्लाईओवर पर चढ़ गए प्रदर्शनकारी

अभ्यर्थी जुलूस की शक्ल में गांधी मैदान से सीएम आवास का घेराव करने निकले जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के समीप बैरिकेडिंग लगा कर रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी के सामने बैरिकेडिंग नाकाफी साबित हुई और अभ्यर्थी उसे पार कर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी तीखी नोंक झोंक और धक्का मुक्की भी हुई और अभ्यर्थी लगातार आगे बढ़ते रहे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों का एक तरफ रास्ता रोका तो वे दुसरी तरफ से आगे बढ़ गए और विधानसभा की तरफ कूच कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की तरफ जाने वाली फ्लाईओवर पर पहुंच गए जबकि कुछ छात्र गर्दनीबाग की तरफ रेलवे लाइन पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की जहां नोंक झोंक भी हुई। अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए एसएसपी भी सड़क पर उतरे और प्रदर्शनकारियों को समझाते दिखे।

सरकार मारना चाहती है, पुलिस ही मार दे

प्रदर्शन में शामिल कई अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा नजर आया। छात्र लंबे समय से परीक्षा आयोजित नहीं होने को लेकर नाराज हैं। उनका कहना था कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी परीक्षा का इंतजार जारी है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया, तो वे वहीं रहकर आंदोलन जारी रखेंगे। छात्रों ने अपने प्रदर्शन को मौन आंदोलन बताया और कहा कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर उतरे हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश भी देखने को मिला। एक अभ्यर्थी ने कहा कि सरकार हमें भूखे मारना चाहती है, पुलिस ही मार दे। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों से परीक्षा का इंतजार करने के बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अभ्यर्थियों का मुख्य मुद्दा BSSC परीक्षा के आयोजन में हो रही देरी है.।उनका कहना है कि फॉर्म भरे करीब तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परीक्षा आयोजित नहीं हुई है। 

  

Related Articles

Post a comment