पार्टी को मजबूत करने की कवायद में जुटी कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्षों के साथ की बड़ी बैठक
- by Manjesh Kumar
- 06-Aug-2026
- Views
पटना: पटना स्थित सदाकत आश्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी का पूरा फोकस फिलहाल संगठन को मजबूत करने पर है। उन्होंने बताया कि जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन विस्तार की समीक्षा की जा रही है और हर महीने जिला अध्यक्षों से प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है। राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस ने तीन बिंदुओं पर आधारित ग्रेडिंग सिस्टम लागू किया है, जिसमें राजनीतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्तर पर गतिविधियां और संगठन विस्तार के तहत नए सदस्यों की संख्या का मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई जिलों में सदस्यता अभियान की शुरुआत हो चुकी है और पार्टी की संपत्तियों की भी समीक्षा की जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला अध्यक्षों को दो चरणों में बुलाया गया है। पहले चरण की बैठक में अधिकांश जिला अध्यक्ष शामिल हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव परिणामों की समीक्षा के बाद पार्टी नेतृत्व, विशेषकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस फिलहाल अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में लगी है। उन्होंने कहा कि जब तक पार्टी के "दोनों पैर" यानी संगठन और कार्यकर्ता पूरी तरह मजबूत नहीं हो जाते, तब तक आगे की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से काम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों के मुद्दे, एलपीजी गैस की कीमत, नीट पेपर लीक और पुलिसिया कार्रवाई जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर आंदोलन करती रही है और आगे भी जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।


Post a comment