मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा सड़क होगी फोरलेन, सीएम सम्राट ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद
- by Manjesh Kumar
- 19-Aug-2026
- Views
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति द्वारा बिहार में मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड के फोर लेन मानक में उन्नत करने की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 3,590.73 करोड़ रूपये की लागत से 82.578 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग का फोर लेन उन्नयन उत्तर बिहार के विकास को नई गति प्रदान करेगा। हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत बनने वाली इस परियोजना से मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और सोनबरसा क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में कृषि उत्पादों के परिवहन, व्यापार एवं वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार एवं आर्थिक अवसरों का विस्तार होगा। बेहतर सड़क संपर्क से उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिहार के आधारभूत संरचना विकास को निरंतर मजबूती प्रदान कर रही है। मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा फोर लेन उन्नयन बिहार के विकास की गति को तेज करने और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद। बिहार के विकास के प्रति केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग हमारे समृद्ध बिहार के संकल्प को और मजबूती प्रदान कर रहा है।


Post a comment