कोचिंग जा रहे चार छात्रों पर जानलेवा हमला, लोहे के पंजे से पीटा
- by Manjesh Kumar
- 18-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के पचना गांव में मंगलवार की सुबह कोचिंग पढ़ने जा रहे चार छात्रों को रास्ते में घेरकर करीब दस युवकों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने लोहे के पंजे से छात्रों पर हमला किया। घटना में एक छात्र की नाक की हड्डी टूट गई, जबकि दूसरे का सिर फट गया। दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान पचना गांव निवासी दिलीप रविदास के पुत्र रवि कुमार, नागेश्वर रविदास के पुत्र ऋतिक कुमार, मोहन रविदास के पुत्र विकास कुमार और बृजू रविदास के पुत्र उदय कुमार के रूप में हुई है।
घायल रवि के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ कोचिंग जा रहा था, तभी रास्ते में मनीष कुमार, निशांत कुमार, रौशन, मौषम कुमार, मनखुश कुमार, प्रिंस कुमार, शिवम कुमार, रजनीश कुमार सहित अन्य युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। रवि ने बताया कि 15 अगस्त को गांव में कुछ विवाद हुआ था। उस दौरान एक युवक के साथ मारपीट हो रही थी, जिसे उसने छुड़ाने का प्रयास किया था। इसी बात से नाराज युवकों ने मंगलवार को हमला किया। घटना के बाद घायलों का इलाज कराया गया। पीड़ित ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस ने दिलखुश कुमार नामक एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


Post a comment