श्याम भजनों पर रात डेढ़ बजे तक झूमते रहे श्रद्धालु, केक काटकर मनाया जन्मोत्सव

कटिहार: खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर शुक्रवार को गुरुबाजार स्थित गांधी स्मृति भवन के समीप भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ और ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है’ जैसे भजनों से पूरा आयोजन स्थल देर रात तक भक्तिमय बना रहा। श्याम भजनों की धुन पर श्रद्धालु रात करीब डेढ़ बजे तक झूमते रहे। इसके बाद केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया गया।

जन्मोत्सव को लेकर आयोजन स्थल पर आकर्षक पंडाल बनाया गया था। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे दरबार में बाबा श्याम का मनमोहक शृंगार किया गया था। शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कार्यक्रम में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक रूपेश झा और मोहन पियारे तथा भागलपुर की गायिका मुस्कान राज ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, भागलपुर के स्मार्ट बैंड ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया।

कलाकारों ने ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’, ‘तीन बाण धारी, शीश के दानी’ सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के साथ पंडाल में बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु हाथ उठाकर नृत्य करते नजर आए। विशेषकर लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति पर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर जारी रहा।

कार्यक्रम के समापन पर केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर श्याम भक्तों ने एक-दूसरे को बधाई दी। आयोजन को सफल बनाने में पवन चौरसिया, मनीषा कुमारी सहित श्याम परिवार के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

  

Related Articles

Post a comment