तुलसी पूजा और कार्तिक एकादशी पर भव्य भक्ति जागरण, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

तुलसी पूजा एवं कार्तिक एकादशी पर भव्य भक्ति जागरण, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

कटिहार: तुलसी पूजा एवं कार्तिक एकादशी के पावन अवसर पर आजमनगर थाना मैदान में भव्य रात्रि भक्ति जागरण और आकर्षक झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भजन गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन आलमपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि इजहार आलम, आजमनगर पंचायत के मुखिया भारत कुमार राय और छठ पूजा समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस आयोजन का संचालन आजमनगर छठ पूजा समिति, चंडी काली स्थान के सौजन्य से किया गया।

प्रसिद्ध भजन गायकों ने बांधा समां

भक्ति जागरण में झारखंड के देवघर से प्रसिद्ध भजन गायिका स्नेह सरगम, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से भजन गायक विपुल सिंह राजपूत और भागलपुर से आए महाकाल झांकी ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक हिंदी भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए। मधुर भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और जयकारे लगाते नजर आए।

महाकाल की झांकी रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में महाकाल झांकी ग्रुप की आकर्षक धार्मिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। गणेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। झांकी और भजनों के दौरान थाना मैदान में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। तुलसी पूजा एवं कार्तिक एकादशी के अवसर पर आयोजित इस भक्ति जागरण ने क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बना दिया।

  

Related Articles

Post a comment