BPSC AEDO परीक्षा पेपर लीक मामले में बायोमेट्रिक ऑपरेटर गिरफ्तार, EOU ने जांच के दौरान दबोचा
- by Manjesh Kumar
- 19-Aug-2026
- Views
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग की सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा में धांधली के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना के पोस्टल पार्क निवासी बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच में कई परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी और सॉल्वर गैंग से कनेक्शन सामने आने के बाद EOU ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। 23 अप्रैल को पटना के एएन कॉलेज में आयोजित AEDO परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी रौशन कुमार को उत्तर-पुर्जा देते हुए बायोमीट्रिक कर्मी अंशु प्रिया को पकड़ा गया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई तो अतुल राज पांडेय की भूमिका सामने आयी। EOU ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के अनुसार अतुल राज पांडेय कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय में AEDO परीक्षा के दौरान बायोमीट्रिक ऑपरेटर के रूप में तैनात था। वह पहले भी अलग-अलग जैमर और बायोमीट्रिक कंपनियों के साथ कई परीक्षाओं में काम कर चुका है। बताया गया है कि वह इन कंपनियों को मानवबल भी उपलब्ध कराता था। EOU के अनुसार अतुल की सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल फोन से AEDO परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े साक्ष्य मिले थे। परीक्षा केंद्र से उसका मोबाइल भी जब्त किया गया था। मोबाइल में मिले साक्ष्यों की जांच के दौरान अतुल की भूमिका सामने आयी। पूछताछ के दौरान अतुल राज पांडेय से मिली जानकारी के आधार पर जांच एजेंसी को कई परीक्षा केंद्रों और सॉल्वर गैंग से जुड़े इनपुट मिले हैं। EOU अब इन कड़ियों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में धांधली का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।


Post a comment