नीतू की जिंदगी बचाने दौड़े आशीष गोस्वामी, गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही अररिया एसडीओ फोन पर उपलब्ध कराई ओटीपी

पूर्णिया: अररिया जिले के कुर्साकांटा निवासी गर्भवती नीतू देवी की गंभीर स्थिति और रक्त की तत्काल आवश्यकता की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने तत्काल पहल की। नीतू देवी के भाई रोहित कुमार ने दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर अपनी बहन के लिए रक्त उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। वहीं मरीज की माता ने भी रक्त की व्यवस्था कराने का आग्रह किया। परिजनों की परेशानी को देखते हुए आशीष गोस्वामी ने तत्काल मदद का भरोसा दिलाया और संगठन के साथियों के साथ पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे। यहां रक्त की व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।

इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी द्वारा अररिया सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित से दूरभाष पर संपर्क कर मरीज नीतू देवी की गंभीर स्थिति एवं रक्त की तत्काल आवश्यकता से अवगत कराया गया। मरीज की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के एक फोन पर अररिया सदर एसडीओ श्वेतम दीक्षित ने बिना देर किए तत्काल रक्त की ओटीपी उपलब्ध कराई, जिससे रक्त की व्यवस्था कराने में काफी मदद मिली। बताया गया कि श्वेतम दीक्षित के पूर्णिया अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में कार्यकाल के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में संगठन को उनका सकारात्मक सहयोग मिलता रहा है। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्वयं भी रक्तदान किया था। संगठन के सेवा कार्यों को देखते हुए उन्होंने जरूरत पड़ने पर संपर्क करने की बात कही थी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने श्वेतम दीक्षित का आभार जताते हुए कहा कि पूर्णिया में उनके कार्यकाल के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में उनका हमेशा सहयोग मिला। उनके सरल व्यवहार के कारण आज भी उनसे आत्मीय संबंध बना हुआ है। यही अपनापन है कि जब भी मन करता है, संगठन के साथियों के साथ अररिया जाकर एसडीओ साहब से मुलाकात करता हूं। आज मरीज की गंभीर स्थिति में हमारे द्वारा एक फोन किए जाने पर उन्होंने बिना देर किए तुरंत ओटीपी उपलब्ध कराई। इस मानवीय सहयोग के लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

रक्त उपलब्ध कराने के बाद मरीज से मिलने पहुंचे आशीष गोस्वामी

नीतू देवी के लिए रक्त उपलब्ध कराने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी अपनी टीम के साथ महिला वार्ड में मरीज से मिलने पहुंचे। इस दौरान मरीज की सास चुन्नी देवी एवं मां रीता देवी ने आशीष गोस्वामी का हाथ पकड़ लिया और भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अगर आप नहीं होते तो आज मेरी बेटी की जिंदगी नहीं बचती। परिजनों की बात सुनकर आशीष गोस्वामी भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जरूरत की घड़ी में हमारा संगठन परिवार की तरह जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़ा रहता है। संगठन का हर युवा आपका बेटा और मरीज नीतू का भाई है। भविष्य में जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता पड़े, बस एक फोन कर दीजिएगा। संगठन की ओर से हर संभव सहायता की जाएगी।

अंत में आशीष गोस्वामी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की ओर से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने एवं रक्तदान कराने का सेवा कार्य लगातार किया जा रहा है। जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता पड़ी है, चाहे दिन हो या रात, संगठन के साथियों ने हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया है। जरूरतमंद कोई भी हो और कहीं का भी हो, संगठन ने हमेशा मानवता के नाते उसकी मदद की है और आगे भी इसी भावना के साथ सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सामाजिक संगठन के बीच बेहतर समन्वय से जरूरतमंद मरीजों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सकती है। मानव जीवन की रक्षा के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास ही सच्ची मानव सेवा है।

मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के साथ मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया जिला गौ रक्षा प्रमुख नवीन कुमार, वार्ड अध्यक्ष ऋतिक कुमार एवं पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment