नेपाल में जल प्रलय के बाद बिहार में हाई अलर्ट, सीएम के निर्देश पर विभिन्न विभाग मर रहा मॉनिटरिंग

तिब्बत में बादल फटने से हुई तबाही के बाद गंडक नदी में आने वाली संभावित बाढ़ को लेकर जल संसाधन विभाग अलर्ट।  वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज के सभी 36 गेट खोले गए। गंडक बराज पर तैनात की गई अधिकारियों की टीम। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को दिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश

पटना: तिब्बत प्रभाग में बुधवार की सुबह बादल के फटने के कारण भोटे-कोशी नदी, जो तिब्बत में उद्‌गमित होकर नेपाल स्थित त्रिशूली नदी में मिल जाती है, में लगभग 3 मीटर का सैलाब प्रवाहित हो रहा है। नेपाल से होकर आने वाले पानी का सैलाब से गंडक नदी में अचानक जल स्तर बढ़ने की संभावना है। इसको देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अलर्ट घोषित कर दिया है। विदित हो कि तिब्बत प्रभाग में बुधवार की सुबह बादल फटने के कारण नेपाल में पानी का सैलाब आने से भारी क्षति हुई है। नेपाल में तबाही मचाने के बाद उस पानी के गंडक नदी में आने की संभावना है। जल संसाधन विभाग द्वारा इस घटना पर त्वरित सतर्कता बरतते हुए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज के सभी गेटों (36 गेट) को खोला गया है और गंडक बराज पर मुख्यालय स्तर से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में एक तकनीकी दल को भेजा गया है। साथ ही गंडक नदी बेसिन में अवस्थित सभी जिलों में चेतावनी संवाद जारी कर दिया गया है।

इस संबंध में विभागीय पदाधिकारियों को संभावित आकस्मिक स्थिति के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियों सुनिश्चित करते हुए लगातार चौकसी एवं निगरानी बरतने हेतु निर्देश दिया गया है। इस क्रम में बाढ की स्थिति से निपटने हेतु सामग्रियों के भंडारण एवं तटबंधों के सतत् निरीक्षण का पुख्ता इंतजाम किया गया है। बताया जाता है कि इस घटना के फलस्वरूप इसके निम्न प्रवाह में गंडक नदी के जलस्राव एवं जलस्तर में भी अप्रत्याशित वृद्धि संभावित है। बुधवार को दोपहर 12 बजे बजे वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से 86,000 क्यूसेक का जल प्रवाहित हुआ है, जिसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है। नेपाल प्रभाग स्थित नारायणी नदी का देवघाट गेज स्थल पर वर्तमान जलस्तर 4.77 मीटर है। इस स्थल पर खतरे का निशान 9 मीटर एवं चेतावनी स्तर 7.30 मीटर है। यहां नदी में पानी बढ़ने पर गंडक बराज तक पहुँचने में लगभग 3.50 घंटा समय लगने की संभावना है।

इसको लेकर मुख्य सचिव के स्तर से संबंधित सभी जिला पदाधिकारी के साथ अकस्मात बैठक आहूत कर मामले से अवगत कराते हुए सभी आवश्यक तैयारियां यथा तटबंध के अंदर के आवासितों को माईकिंग कराकर अवगत कराना तथा ससमय सुरक्षित स्थान पर ले जाने हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने हेतु निदेशित किया गया। वहीं संभावित प्रवाहित क्षेत्रों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को नियुक्त किया जा रहा है। उधर, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव एवं जल संसाधन विभाग के सचिव के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधितों को 'हाई अलर्ट' मोड में रहते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाये रखने हेतु निर्देश दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment